देश में 30 जनवरी काे काेराेनावायरस का पहला केस केरल में मिला था। 49 दिन में यह 19 राज्य और 3 केंद्रशासित क्षेत्रों पहुंच चुका है। महाराष्ट्र, केरल, यूपी और दिल्ली में 181 मामले मिले हैं। यानी 55% कोरोना मरीज इन राज्यों के 21 शहरों में हैं। महाराष्ट्र में शनिवार को 11 नए मामले मिले। इनमें 10 मुंबई और 1 पुणे में मिला है। इसी के साथ यहां के 8 शहरों में कुल 64 मरीज हाे गए हैं। इनमें पिंपरी-चिंचवड़ में 12, मुंबई में 11, पुणे में 9, नागपुर में 4, यवतमाल में 3, नवी मुंबई में 3 और कल्याण में 3 मामले मिले हैं।
केरल में शनिवार को 12 पॉजिटिव मरीज मिले। इससे यहां कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 52 पहुंच गई। छह शहर कासरगाेड, काेझीकाेड, तिरुअनंतपुरम, एर्नाकुलम, पलक्कड़, त्रिशुर सबसे अधिक प्रभावित हैं। राज्य में 44,390 लाेग निगरानी में हैं। यूपी के 6 शहरों में 43 संक्रमित मिले हैं। शनिवार काे नाेएडा और मुरादाबाद में दाे केस सामने अाए। लखनऊ, नोएडा और कानपुर सैनिटाइज किए जाएंगे। दिल्ली में 26 पॉजिटिव केस मिले हैं।
विदेश यात्रा छिपाने पर पति-पत्नी पर केस
महाराष्ट्र के जलगांव में पुलिस ने पति-पत्नी पर केस दर्ज किया है। दाेनाें ने थाइलैंड के पटाया की यात्रा की थी, लेकिन उन्हाेंने इस यात्रा की जानकारी नहीं दी। पुलिस एडवाइजरी के मुताबिक विदेश से लाैटे लाेग क्वारेंटाइन में रहें। दाेनाें काे क्वारेंटाइन कर दिया गया है और उनके स्वाब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
दिल्ली में फ्री राशन, पंजाब में 3 हजार रु.
दिल्ली सरकार ने 72 लाख लोगों को मुफ्त राशन देने का फैसला लिया है। राशन स्कीम में कुल 18 लाख परिवार आते हैं। साथ ही कोटा 5 किलो से बढ़ाकर 7.5 किलो कर दिया गया है। विकलांग पेंशन डबल करने की बात कही। इसके अलावा पंजाब ने भी दिहाड़ी मजदूरों को 3 हजार रुपए देने की घोषणा की है।
ओडिशा: 8 शहरों, 5 जिलों में लॉकडाउन
ओडिशा में 8 शहरों और 5 जिलों में एक हफ्ते का लॉकडाउन लागू। करीब 40% हिस्सा प्रभावित हुआ है। पिछले कुछ दिनों में यहां 3 हजार से ज्यादा लोग विदेश से आए हैं। पंजाब के नवांशहर के बंगा कस्बे में जिस पॉजिटिव मरीज की मौत हुई थी, उसके परिवार के 6 सदस्याें की रिपोर्ट भी पाॅजिटिव पाई गई है।